23/05/2026
हरियाणा के नूंह जिले में शादियों में नोटों की मालाएं पहनाने का ट्रेंड अब पुलिस के रडार पर आ गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और शादी समारोहों में लाखों रुपये की नकदी के खुले प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. अधिकारियों का कहना है कि अब ऐसे आयोजनों में पैसों का स्रोत पूछा जाएगा और जरूरत पड़ने पर जांच भी कराई जाएगी.
एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि जिले में कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें दूल्हों को लाखों और करोड़ों रुपये की मालाएं पहनाई जा रही हैं. पुलिस को संदेह है कि इन आयोजनों में काले धन, टैक्स चोरी और अवैध लेन-देन का इस्तेमाल हो सकता है. इसी कारण अब शादी समारोहों की निगरानी बढ़ा दी गई है.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नकदी की मालाएं पहनाने वालों के साथ-साथ उन्हें किराये पर उपलब्ध कराने वाले लोग भी जांच के घेरे में आएंगे. अधिकारियों का मानना है कि यह केवल दिखावे का मामला नहीं रह गया, बल्कि इससे अपराध और सामाजिक प्रतिस्पर्धा जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है.
हाल ही में नेहदा गांव की एक शादी में दूल्हे को नोटों की माला पहनाने को लेकर दो जीजाओं के बीच विवाद हो गया था. बारात निकलने से पहले दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. घटना के बाद कई सामाजिक संगठनों ने ऐसे दिखावे का विरोध किया था. इसके बाद पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपना लिया.